सक्ति/ फगुरम चौकी क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अंकित शर्मा के निर्देशन में शुक्रवार शाम ठीक 5 बजे फगुरम चौकी के सामने खरसिया–डभरा मुख्य मार्ग पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान की कमान चौकी प्रभारी संतोष तिवारी के नेतृत्व में एएसआई हीरा राम संवरा ने संभाली। चेकिंग के दौरान पुलिस ने सैकड़ों वाहनों को रोककर जांच की। बिना हेलमेट दोपहिया चालक, तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन और बिना सीट बेल्ट कार चला रहे चालकों पर विशेष निगरानी रखी गई। नियम तोड़ने वालों को न केवल चालानी कार्रवाई का सामना करना पड़ा बल्कि उन्हें मौके पर यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों के पीछे मुख्य कारण लापरवाही और नियमों की अनदेखी है। ऐसे में यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। अभियान के दौरान लोगों को सुरक्षित ढंग से वाहन चलाने, गति सीमा का पालन करने और शराब सेवन कर वाहन न चलाने की शपथ भी दिलाई गई। चेकिंग के समय चौकी के समस्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। अभियान को लेकर आमजन में जागरूकता का संदेश गया है कि पुलिस अब नियम तोड़ने वालों को कतई बख्शने वाली नहीं है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाने की जानकारी दी गई।
0 Comments